Follow Us:

त्योहारी सीजन में मटौर बाईपास रोड़ बंद करने पर भड़के व्यापारी, दी आंदोलन की चेतावनी

समाचार फर्स्ट डेस्क |

त्योहारी सीजन में मटौर बाईपास रोड़ को बंद करने पर कांगड़ा के व्यापारी भड़क गए हैं। व्यापारियों का कहना है कि त्योहारी सीजन में कांगड़ा जिला प्रशासन का निर्णय कांगड़ा के व्यापार के हित में नहीं है और इस निर्णय पर कांगड़ा जिला प्रशासन दोबारा से विचार करे। व्यापारियों का सुझाव है कि प्रशासन को दिवाली के बाद या रात के समय टायरिंग के लिए मटौर बाईपास रोड को बंद करना चाहिए।

बता दें कि शनिवार को डीसी कांगडा राकेश कुमार प्रजापति ने इन्वेस्टर मीट के दृष्टिगत कांगड़ा बाईपास से मटौर रोड तक टायरिंग के कार्य के चलते 22 से 25 अक्टूबर 2019 तक मार्ग को बंद करने के निर्देश जारी किए हैं। जिला कांगड़ा प्रशासन का निर्णय ऐसे समय में आया है जब त्योहारी सीजन को मात्र एक सप्ताह ही बचा है। ऐसे में मार्ग बंद होने से व्यापारियों को लाखों का नुकसान उठाना पड़ सकता है।

व्यापारियों का कहना है कि मटौर बाईपास मार्ग 25 अक्टूबर तक बंद रहेगा और 25 अक्टूबर को ही धनतेरस है। ऐसे में कांगड़ा में खरीददार कहां से आएंगे, जिसके चलते कांगड़ा जिला प्रशासन के इस निर्णय पर व्यापारियों ने आवाज बुलंद कर दी है।