Follow Us:

देश सुनेगा ‘कांगड़ा’ की आवाज, कुमार साहिल की रियल्‍टी-शो इंडियन आइडल में एंट्री

मनोज धीमान |

सिंगिंग रियलिटी शो इंडियन आइडल में एक बार फिर हिमाचल का गबरू आवाज का जादू बिखेरने वाला है। इंडियन आइडल-10 में के फर्स्ट रनरअप रहे शिमला के अंकुश भारद्वाज के बाद अब कांगड़ा जिला के कुमार साहिल उसी मंच पर पहुंच चुके हैं।

रविवार को हुए ऑडिशन में कुमार साहिल को जजिस ने एंट्री कार्ड दिया है। कांगड़ा के वार्ड चार निवासी कुमार साहिल की प्रारंभिक शिक्षा कांगड़ा में ही हुई है। इसके बाद द्रोणाचार्य कॉलेज रैत से बीबीए की और फिर साई यूनिवर्सिटी पालमपुर से एमबीए किया।

साहिल पिछले आठ साल से संगीत से जुड़े हैं। सोनू निगम को आदर्श मानने वाले साहिल ने चाचा संदीप कुमार से संगीत की शिक्षा ली। इसके बाद वॉयस ऑफ हिमाचल और पीटीसी पंजाबी पंजाब की आवाज़ के विजेता रहे। इसके अलावा कलर टेलीविजन के कार्यक्रम राइजिंग स्टार में कुमार साहिल फाइनल में पहुंचे थे। अब उन्हें इंडियन आइडल-11 में एंट्री मिली है।

ऑडिशन के लिए कुमार साहिल हिमाचली टोपी पहनकर गए थे। उन्होंने ऑडिशन  में ‘मेरी अधूरी कहानी’ गाना गाकर जजिस और दर्शकों का दिल जीत लिया। कुमार साहिल ने कांगड़ा जिला के साथ पूरे प्रदेश का नाम एक बार फिर देशभर में रोशन कर दिया है।