Follow Us:

चंबा-तीसा मार्ग पर खाई में गिरी कार, 1 की मौत 1 घायल

नवनीत बत्ता |

चंबा में तीसा मार्ग पर सोमवार सुबह कल्हेल नामक स्थान पर एक कार हादसे का शिकार हो गई। हादसे में कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार में दो लोग मौजूद थे जिसमें से एक की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। मृतक की पहचान गुड्डू राम निवासी द्रबला पंचायत कल्हेल के रूप में हुई है जबकि घायल व्यक्ति की पहचान नारायण सिंह निवासी कल्हेल के रूप में हुई है। घायल को इलाज के लिए चंबा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और घटना का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार कल्हेल पंचायत में पीएचसी के समीप के कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। ये कार रविवार रात को दुर्घटनाग्रस्त हुई लेकिन इसकी जानकारी सुबह लोगों को मिली। सुबह स्थानीय लोगों ने कार नाले में पड़ी देखी। लोगों ने घटनास्थल पर जाकर देखा तो कार में सवार दो लोगों में से एक की मौत हो चुकि थी जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल था। लोगों ने घटना के बारे में पुलिस को जानकारी दी और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।

वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।