Follow Us:

बुजुर्ग क्रूरता मामले की चौतरफा हो रही निंदा, सामाजिक संगठन भी उतरे विरोध में

पी. चंद, शिमला |

मंडी में बुजुर्ग महिला के साथ हुए दुर्व्यवहार की चौतरफा निंदा हो रही है। कई सामाजिक संगठन इसके ख़िलाफ़ आवाज़ उठा रहे है। शिमला में भी सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इसके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सामाजिक कार्यकर्ता रवि कुमार ने अपने साथियों सहित शिमला के रिज मैदान महात्मा गांधी की प्रतिमा से लेकर हाइकोर्ट तक मार्च किया व ऐसी घटनाओं की निंदा की।

रवि कुमार ने कहा कि प्रदेश में देवताओं के नाम पर हो रहे अत्याचार निंदनीय है। सरकार और प्रशासन ऐसी घटनाओं को रोकने में नाकाम साबित हो रहा है। इस नाकामी के चलते न्यायालय को दखल देना पड़ रहा है। हिमाचल प्रदेश में आय दिन देवताओं के नाम पर पाखंड हो रहे है बेगुनाहों को निशाना बनाया जा रहा है। ऐसे लोगों के ख़िलाफ़ कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए। ताकि मंडी में 80 वर्षीय महिला के साथ हुए अत्याचार की पुनरावृत्ति न हो सके।