Follow Us:

चंबा में दिसंबर महीने से शुरू होगा सघन मिशन इन्द्रधनुष अभियान: स्वास्थय मंत्री

पी.चंद |

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने सभी राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों/अधिकरियों से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से सघन मिशन इन्द्रधनुष 2.0 अभियान के बारे विस्तार में चर्चा की। स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार ने इस बैठक में भाग लेने के उपरान्त बताया कि इस अभियान के अन्तर्गत प्रदेश के चम्बा जिला को चिन्हित किया गया है, जहां इस सघन मिशन इन्द्रधनुष अभियान को चार चरणों में लागू किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इसका पहला चरण दिसम्बर, 2019 के प्रथम सप्ताह से शुरू किया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य टीकाकरण से वंचित एवं पूर्ण टीकाकरण से छूटे बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को चिन्हित करना तथा उनका पूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित करना है।

विपिन सिंह परमार ने कहा कि इस अभियान के सफलतापूर्वक क्रियान्वयन के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं, जिसमें की राज्य एवं जिला टास्क फोर्स कमेटी का गठन करने एवं उनकी बैठक का आयोजन करवाना शामिल है। इस अभियान के तहत घर-घर जाकर लाभार्थियों को चिन्हित किया जा चुका है, जिसमें 73 गर्भवती महिलाएं एवं 361 शिशु/बच्चे शामिल हैं।

इस अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य मंत्री ने पोस्टर, हस्ताक्षर अभियान बैनर, होर्डिंग्ज एवं नया मातृ एवं बाल सुरक्षा कार्ड को भी जारी किए गए। इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिला स्वास्थ्य विभाग चम्बा द्वारा माईक्रोप्लान भी तैयार किया जा चुका है।