Follow Us:

समाचार फर्स्ट की ख़बर पर मुहर, CM अर्की से लडेंगे चुनाव

समाचार फर्स्ट डेस्क |

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के चुनाव क्षेत्र पर सस्पेंस खत्म हो चुका है। अब मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह अर्की से चुनाव दंगल में उतरेंगे। सबसे पहले समाचार फर्स्ट ने इस ख़बर को ब्रेक किया था कि मुख्यमंत्री अपने क्षेत्र से नहीं बल्कि अर्की से चुनाव लड़ेंगे। हालांकि, मुख्यमंत्री ने अपने ठियोग से भी चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। लेकिन ठियोग सीट पर मुख्यमंत्री कॉन्फिडेंट नहीं थे, जिसके बाद ये फैसला लिया गया।

अब कांग्रेस की पहली सूची पब्लिक हो चुकी है जिसमें मुख्यमंत्री अर्की से चुनाव लड़ेंगे और बीजेपी कैंडिडेट रत्न सिंह पाल को टक्कर देंगे। वहीं, कांग्रेस अभी अपने बाकी 9 कैंडिडेट पर सहमति नहीं बना पाई है।

शिमला ग्रामीण में लटका फैसला

कांग्रेस की बाकी बची 9 सीटों पर मुख्यमंत्री का गृह क्षेत्र शिमला ग्रामीण में अभी तक कांग्रेस के कैंडिडेट तय नहीं किये गए हैं। समाचार फर्स्ट की ख़बर के मुताबिक, मुख्यमंत्री अपने बेटे की टिकट को लेकर अड़ गए हैं और जल्द ही राहुल गांधी से मुलाकात करने वाले हैं। इसके अलावा कांग्रेस मंडी, कुल्लू और शाहपुर जैसी 8 बाकी जगहों पर भी कैंडिडेट नहीं ढूंढ पाई है।

विपल्व देहरा से, सुक्खू नादौन से कैंडिडेट

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विपल्व ठाकुर देहरा से बीजेपी कैंडिडेट रविंदर रवि को टक्कर देंगी तो वहीं नादौन से सुक्खू भी अपनी किस्मत आजमाएंगे। इसके अलावा कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों में ज्यादा बदलाव नहीं किये हैं और जो प्रत्याशी पहले थे ज्यादातर उन्हीं के नाम दोबारा रखे गए हैं।