Follow Us:

शिमलाः महिला को अगवा कर किया दुष्कर्म, चंद रोज पहले पति ने भी की आत्महत्या

पी. चंद, शिमला |

शिमला में चौपाल उपमंडल की एक विधवा को पिता-पुत्र ने कार में अगवा कर लिया। शिमला के उपनगर टूटू में एक कमरे में बंधक बनाकर उसके साथ दुराचार किया गया। आरोपितों के चंगुल से छूटकर वह रविवार को चौपाल थाना पहुंची और पुलिस को आपबीती बताई। अहम बात यह है कि चंद रोज पहले ही उसके पति ने भी जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस के अनुसार महिला ने शिकायत में बताया कि बीते तीन दिसम्बर को पुलवाहल निवासी कल्याण और उसके बेटे संजीव कुमार ने चौपाल के बमनोल में उसे जबरन कार में बैठा लिया और शिमला के उपनगर टूटू ले गये। यहां एक कमरे में बंधक बनाकर संजीव ने उसके साथ तीन दिन तक दुष्कर्म किया। बताया गया है कि कुछ दिन पहले महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट उसके भाई ने दर्ज करवाई थी। इसके अगले दिन ही महिला के पति ने जान दे दी।

चौपाल के उपपुलिस अधीक्षक वरुण पटियाल ने बताया कि इस मामले में आईपीसी की धाराओं 363, 366, 376 और 120 बी के तहत केस दर्ज कर जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि पीड़ित का मेडिकल करवाया जा रहा है। साथ ही आरोपितों की तलाश की जा रही है।

हमीरपुर के भोरंज में महिला से दुष्कर्म का मामला दर्ज़

महिला पुलिस थाना में दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार भोरंज विस क्षेत्र के एक गांव की महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। जिसके बाद उक्त महिला गर्भवती हो गई। जैसे ही इस मामले का पता परिजनों को चला तो इसकी शिकायत महिला पुलिस थाना में दर्ज करवाई गई। इसके बाद पुलिस ने उक्त मामले में शिकायत दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। एसपी अर्जित सेन ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपी की धरपकड़ तेज कर दी है।