Follow Us:

ऊनाः 16 साल की नाबालिग लड़की ने फंदा लगाकार की आत्महत्या

रविंदर, ऊना |

जिला ऊना में शहर से सटे रामपुर में 16 साल की नाबालिगा द्वारा फंदा लगाकर जान देने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के बलदेहपुर की निवासी प्रेमवती पुत्री राजपाल के रूप में की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटना के संबंध में केस दर्ज़ करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के मुताबिक मुरादाबाद के बलदेहपुर निवासी राजपाल रामपुर में परिवार समेत रहता है। यहां वह मेहनत मजदूरी करते हुए परिवार को पालता है।

बुधवार सुबह वह रोजाना की तरह काम पर चला गया। उसकी पत्नी भी घरेलू काम में जुट गई। जबकि मृतका के छोटे भाई-बहन भी घर के पास ही खेल रहे थे। इस दौरान उन्होंने देखा कि प्रेमवती कमरे में छत के पंखे के साथ लटक रही है। उन्होंने फौरन मां को इस बारे में बताया। बेटी का फंदे पर झूलते देख मां के होश फाख्ता हो गए और उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। जिसे सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर आ गए। उन्होंने प्रेमवती को फौरन नीचे उतारा और रीजनल अस्पताल ऊना ले आए। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

डीएसपी हैडक्वार्टर अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में केस दर्ज़ करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने बताया कि मृतका ने पढ़ाई भी छोड़ दी थी। मृतका ने फंदा क्यों लगाया इसका अभी खुलासा नहीं हो सका है। परिजनों से भी पूछताछ चल रही है।