Follow Us:

अनुराग को मंत्री पद से हटाया जाए, दिल्ली में हिमाचल को किया है शर्मसार: राठ़ौर

पी.चंद |

महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर नाहन में आयोजित एकता सम्मेलन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने केंद्र और प्रदेश सरकारों को आड़े हाथ लिया। सम्मेलन में मुकेश अग्निहोत्री भी पहुंचे थे, लेकिन उन्हें अचानक दिल्ली जाना पड़ा। कार्यक्रम के दौरान राठौर ने अनुराग ठाकुर पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा अनुराग ठाकुर ने चुनाव प्रचार के दौरान जिस तरह की बयानबाजी दी है उससे हिमाचल शर्मसार हुआ है। अनुराग ठाकुर को सिर्फ स्टार प्रचारक की लिस्ट से हटाया जाना काफी नहीं है, इसके लिए अनुराग ठाकुर को मंत्री पद से हटाया जाना चाहिए।

कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के मुंह से निकले अंतिम शब्द हे राम के नाम पर बीजेपी भले ही अपनी राजनीति चमकाती आ रही है, लेकिन मोदी सरकार महात्मा गांधी नहीं नाथूराम गोडसे की विचारधारा को मानती है। ये गांधी के सपनों का भारत नहीं, बल्कि नाथूराम के सपनों का भारत है। आज भाई-भाई को लड़ाने का काम केंद्र की बीजेपी सरकार कर रही है। कांग्रेस देश और प्रदेश की राजनीति को और दूषित नहीं होने देगी।

कुलदीप राठौर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर प्रदेश को चलाने में नाकाम साबित हो रहे हैं। उन्होंने डॉ. राजीव बिंदल पर हमला बोलते हुए कहा कि वह ऐसे विधानसभा अध्यक्ष रहे हैं, जिन्हें विस अध्यक्ष रहते हुए चुनाव आयोग ने नोटिस दिया है। कांग्रेस से भी विधानसभा अध्यक्ष रहे हैं, मगर उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष रहते हुए कभी पार्टी का प्रचार नहीं किया। पच्छाद के उपचुनाव में डॉक्टर राजीव बिंदल ने जिस तरह भाजपा का प्रचार किया, वह किसी से छिपा नहीं है।