Follow Us:

सिरमौर: चाइल्ड लाइन टीम ने आधी रात रुकवाया लड़के का बाल विवाह

पी.चंद |

चाइल्डलाइन टीम द्वारा विकास खंड संगड़ाह की कोटी-धिमान पंचायत में आधी रात को एक नाबालिग लड़के का बाल विवाह रूकवाया गया। चाइल्ड लाइन के सिरमौर कार्यालय में 1098 नंबर पर कॉल के  माध्य्म से उक्त मामला आया। गत रात्रि चाइल्डलाइन टीम ने इस बारे रेणुका थाने मे डीडी एंट्री करवाई तथा रात के 12 बजे टीम लड़के के घर पहुंची।

टीम के सदस्य विनीता, निशा, सुंदर सिंह व रामलाल गांव में पंहुचे तो देखा कि, लड़का बारात ले जाने के लिए तैयार हो चुका है। टीम ने लड़के के माता-पिता से उसका आयु प्रमाण मांगा तो पता चला कि, वह मात्र 18 वर्ष का है। टीम द्वारा लडके के माता पिता से इस मामले मे बात की तथा उन्हें बाल विवाह अधिनियम के बारे मे बताया।

लड़के के माता-पिता के अनुसार उन्हें कानूनन निर्धारित आयु का पता नहीं था तथा वह शादी रुकवाने को राजी हो गए। लड़के के माता-पिता ने टीम के समझने पर यह शादी रोक दी। चाइल्ड लाइन टीम ने लड़के को जिला बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया। रोचक तथ्य यह है कि, दुल्हन अथवा लड़की की उम्र 24 वर्ष थी। आम तौर पर जिला में बाल विवाह के अधिकतर मामलों में लड़कियां नाबालिग होती है।