Follow Us:

सिरमौर: राजगढ़ में डेढ़ किलो चरस और 384 ग्राम अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार

समाचार फर्स्ट डेस्क |

हिमाचल प्रदेश स्टेट नारकोटिक्स क्राइम कंट्रोल यूनिट ने चरस और अफीम की खेप के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। टीम ने आरोपी के कब्जे से 1.446 किलोग्राम चरस और 384 ग्राम अफीम बरामद की है। पकड़े गए आरोपी की पहचान वरुण भारद्वाज (36) पुत्र ओमप्रकास निवासी राजगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार नारकोटिक्स क्राइम कंट्रोल यूनिट की टीम ने राजगढ़ के हब्बन रोड़ पर नाका लगा रखा था। इसी दौरान टीम ने एक युवक को चेकिंग के लिए रोका। जब उसके बैग की चेकिंग की गई तो बैग से 1.446 किलोग्राम चरस और 384 ग्राम अफीम बरामद हुई।

क्राइम कंट्रोल की टीम ने मौके पर आरोपी को गिरफ्तार कर चरस और अफीम को कब्जे में ले लिया है। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर ये पता लगाने के प्रयास कर रही है कि वे यह नशे की खेप कहां से लाया था और इसे कहां सप्लाई करना था।