Follow Us:

मुख्यमंत्री संकल्प हेल्पलाइन से प्रदेशवासियों को हो रहा है लाभ: राजेंद्र गर्ग

सुरेन्द्र जंवाल, बिलासपुर |

प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में जनता की आम सुविधाओं के लिए हमेशा तत्पर रहती है। प्रदेशवासियों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री बहुत संवेदनशील हैं। जब भी कोई समस्या उनके ध्यान या ध्यानार्थ  लाई जाती है उसका संज्ञान वे तुरंत लेते हैं। यह बात घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेंद्र गर्ग ने पट्टा में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के सब डिपो के उद्घाटन अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री संकल्प हेल्पलाइन शुरू की गई है। इसमें प्रदेशवासियों की समस्याएं आना शुरू हुईं। मुख्यमंत्री ने इस हेल्पलाइन को एक चुनौती के रूप में स्वीकार करते हुए तमाम समस्याओं के समाधान का एक रास्ता तैयार किया। प्रदेश सरकार के मंत्री लोगों की समस्याओं को खुले रूप से ले रहे हैं। यह कोई आसान बात नहीं है।

कांग्रेस शासनकाल में नेतागण कभी कभार जनता में जाते थे, उनकी शिकायतें लेते थे, समाधान हो ना हो इससे उनको कोई सरोकार नहीं था लेकिन वर्तमान सरकार लोगों की समस्याओं का भी समाधान करती है। लोगों की शिकायतें भी लेती हैं और उन शिकायतों का निपटारा जनता के समक्ष भी करती है। जिसका जीता जागता उदाहरण जनमंच कार्यक्रम है। आम आदमी प्रदेश सरकार के मंत्री के समक्ष अपनी समस्या रखता है और उसका समाधान भी होता है। राजेंद्र गर्ग ने कहा कि बिलासपुर जिला के कोठीपुरा में अंतरराष्ट्रीय स्तर का एम्स अस्पताल का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है।

उन्होंने कहा कि इसका श्रेय देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को जाता है। उन्होंने कहा कि इसी वर्ष अप्रैल महीने में ओपीडी शुरू हो जाएगी और जुलाई माह में क्लासें भी शुरू हो जाएंगी। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि पट्टा में सब डिपो की शुरुआत हो गई है। जिस उद्देश्य की पूर्ति के लिए लोगों ने मेहनत की वह उद्देश्य हमेशा बरकरार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस डीपो से आसपास गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। अब लोगों को सस्ता राशन घर द्वार मिल जाएगा।