Follow Us:

देश की गिरती अर्थव्यवस्था और देश के लोगों पर महंगाई की बढ़ती मार से भाजपा का दोहरा चरित्र आया सामनेः KS राठौर

पी. चंद, शिमला |

कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने केंद्र सरकार द्वारा कानून को ताक पर रखकर कुछ टेलीकॉम कंपनियों को अनुचित लाभ देने पर चिंता प्रकट करते हुए कहा है कि एक तरफ देश की गिरती अर्थव्यवस्था और दूसरी ओर देश के लोगों पर महंगाई की बढ़ती मार से भाजपा का दोहरा चरित्र सामने आ गया है। सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी से साफ है कि देश मे संविधान और कानून से बहुत बड़ा खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने आज यहां कहा कि देश के सरकारी उपक्रमों को बेचा जा रहा है। निजी उपक्रमों को राहते प्रदान कर उन्हें बढ़ावा दिया जा रहा है।उन्होंने कहा है ऐसा लगता है कि निजी उपक्रमों को देश के लोगों को लूटने का लाइसेंस दे दिया गया हो।

राठौर ने कहा है कि बढ़ती बेरोजगारी देश के।लिए घातक सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि अभी हॉल ही में भारत संचार निगम से हजारों लोगों की एक साथ सेवानिवृत्ति से भी साफ है कि सरकार एक सोची समझी रणनीति के तहत इसे भी बेचने की पूरी तैयारी में है।उन्होंने कहा कि सरकार इंडियन एयर लाइन की अपनी हिस्सेदारी भी बेच रही है,और उन्हें यह भी लगता है कि कही निकट भविष्य में भारतीय रेलवे को ही न बेच दे।

राठौर ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया है कि उसकी इन कंपनियों के साथ पूरी सांठगांठ है।उन्होंने कहा कि देश मे कुछ बड़े उद्योग तो फलफूल रहे हैं, पर छोटे उद्योग दम तोड़ रहे है। लाखों लोगों बेरोजगार हो रहे है। पेट्रोल और गैस के मूल्यों में वृद्धि से देश के लोग परेशान है। उन्होंने कहा कि आज देश गंभीर चुनोतियों से गुजर रहा है। केंद्र की भाजपा सरकार ने अपनी आंखें मूंद रखी है।

सत्ता के नशे में मदहोश भाजपा एक तानाशाह की तरह देश को चला रही है। भाजपा की ध्रुवीकरण की राजनीति के चलते देश धर्म और संप्रदाय के नाम पर विभाजन की ओर बढ़ रहा है, जो अति चिंता का विषय है। राठौर ने कहा है कि देश के लोग भाजपा को कभी माफ नही करेंगे।उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी भी तरह से भाजपा के इस प्रयास को कभी सफल नही होने देगी। कांग्रेस न तो देश को विकने देगी और न ही संविधान से खिलवाड़ होने देगी।