Follow Us:

मुख्यमंत्री राहत कोष का रखें ध्यान, प्रदेश में पहली बार खाली पड़ा राहत कोष: सुक्खू

नवनीत बत्ता |

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि बेशक मुख्यमंत्री ने हम सब लोगों से 1 दिन की सैलरी मुख्यमंत्री राहत कोष में देने की बात कही है और प्रदेश की जनता के हित के लिए हम सब ऐसा ही करेंगे। लेकिन मैं एक बात कहना चाहता हूं कि पहली बार प्रदेश में ऐसा हो रहा है कि राहत कोष खाली पड़ा है। लोगों को पिछले कई महीनों से राहत कोष के माध्यम से जो राहत राशि गरीब और बीमार लोगों को मिलती है वह नहीं मिल पा रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के सभी विधायक पूरा सहयोग मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए जरूर करेंगे। उससे अधिक भी जो बन पड़ा वह पार्टी हमेशा जनता हित में करती रहेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को स्वयं इस विषय को लेकर गंभीरता से विचार करना चाहिए कि राहत कोष खाली कैसे हो गया।

सुक्खू ने कहा कि कुछ एक विधानसभा क्षेत्रों में ही राहत कोष का प्रयोग हो रहा है और बाकी जगहों पर लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री को यह भी चाहिए कि पूरे प्रदेश में राहत कोष की राशि समान रूप से बांटी जाए। इस राशि के बंटवारे को लेकर किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए।