Follow Us:

राहुल गांधी का हिमाचल दौरा, यहां करेंगे तीन चुनावी जनसभाएं

समाचार फर्स्ट |

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हिमाचल में हुई ताबड़तोड़ रैलियों का जवाब देने के लिए आज सोमवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी हिमाचल आएंगे। राहुल गांधी का हिमाचल दौरा जिला सिरमौर के पांवटा साहिब से शुरू होगा। राहुल गांधी पांवटा साहिब में सुबह 10 बजे चुनावी हुंकार भरेंगे। इसके बाद चंबा में 12 बजे और नगरोटा बगवां में दोपहर 3 बजे जनसभाओं को संबोधित करेंगे। हिमाचल में की जाने वाली तीनों रैलियों में राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पलटवार करेंगे। 

सोनिया गांधी का हिमाचल चुनावी दौरा रद्द हो गया है। इसके चलते राहुल गांधी एक दिन में तीन रैलियां करेंगे। पावंटा में यह रैली एमसी मैदान में होगी। चंबा जिले में यह रैली चंबा के चौगान और नगरोटा में गांधी मैदान में होनी तय हुई है। 

ये नेता भी करेंगे रैली

आज कांग्रेस नेता राज बब्बर और सलमान खुर्शीद भी प्रदेश में चुनावी जनसभाएं करेंगे। सोमवार सुबह 11 बजे भोरंज में, डेढ़ बजे मनाली और सवा चार बजे सोलन में जनसभा करेंगे। 

उधर, आज बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह रामपुर के दत्तनगर में साढ़े 11 बजे और आनी में दोपहर एक बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह आज सुबह दस बजे करसोग में, 12 बजे कुनिहार में, दो बजे परवाणू में, उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह दस बजे बद्दी में, 11 बजे जागिंद्रनगर में, साढ़े 12 बजे सुजानपुर में, डेढ़ बजे जुखाला में जनसभा करेंगे। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी आज सुबह साढ़े दस बजे चिडगांव में, साढ़े 12 बजे थाची (सिराज) में और शाम पांच बजे भट्टाकुफर (कसुम्पटी) में चुनावी जनसभाएं करेंगी।