Follow Us:

हमीरपुर में 2 और कोरोना मरीज़, जिला में संख्या 14- डीसी ने की पुष्टि

कमल |

डीसी हरिकेश मीणा ने कहा कि जिला में आज कोविड-19 संक्रमित 14  व्यक्तियों के मामले सामने आए हैं। यह सभी लोग मुंबई से वापस लौटे हैं। दोपहर को 12 मामले आने की पुष्टि हुई थी जबकि अब 2 नए मामले आए हैं। जिले में अब कुल मामले 55 के करीब पहुंच गए हैं।

डीसी ने कहा कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, कश्मीर में संस्थागत संगरोध में रखी खुंगल गांव की एक 44 वर्षीय महिला और उसकी 17, 15 और 11 वर्षीय तीन बेटियों में कोविड-19 संक्रमण की पुष्टि हुई है। महिला के पति मुंबई से 14 मई को परिवार सहित लौटे हैं और 16 मई, 2020 को उनका भी नमूना जांच के लिए लिया गया था, जिसमें उनके संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। यह चारों उसी व्यक्ति के प्राथमिक सम्पर्क थे।

इसके अतिरिक्त गलोड़ क्षेत्र के दसवीं गांव की 31 वर्षीय महिला तथा जांसु क्षेत्र के सुक्रियाह गांव का 19 वर्षीय युवक भी कश्मीर में ही संस्थागत संगरोध में थे और कोविड-19 संक्रमित पाए गए हैं। यह दोनों भी मुंबई से लौटे हैं। इसी प्रकार जिला शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान (डाईट), गौना करौर में संस्थागत संगरोध रियोरी गांव की 41 वर्षीय महिला, 21 वर्षीय युवक और उसके 78 वर्षीय दादा के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।

बड़सर क्षेत्र के पाहलू गांव का 29 वर्षीय युवक भी कोविड-19 संक्रमित पाया गया है जो मुंबई से अपनी गर्भवती पत्नी के साथ वापस लौटा था और गृह-संगरोध में रखा गया था। इसके अतिरिक्त राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाल्टी में संस्थागत संगरोध हार (नाल्टी) गांव का 55 वर्षीय व्यक्ति एवं उसका 23 वर्षीय बेटा भी कोविड-19 संक्रमित पाए गए हैं। यह दोनों 17 मई, 2020 को मुंबई से लौटे हैं और टैक्सी चलाते हैं।