Follow Us:

चलो इस धरती को रहने योग्य बनाये, सभी मिलकर विश्व पर्यावरण दिवस मनाये

समाचार फर्स्ट डेस्क |

विश्व पर्यावरण दिवस पर्यावरण की सुरक्षा और संरक्षण हेतु पूरे विश्व में मनाया जाता है। इस दिवस को मनाने की घोषणा संयुक्त राष्ट्र ने पर्यावरण के प्रति वैश्विक स्तर पर राजनीतिक और सामाजिक जागृति लाने हेतु साल 1972 में की थी। इसे 5 जून से 16 जून तक संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा आयोजित विश्व पर्यावरण सम्मेलन में चर्चा के बाद शुरू किया गया था। 5 जून 1974 को पहला विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया।

साल 1972 में संयुक्त राष्ट्र द्वारा मानव पर्यावरण विषय पर संयुक्त राष्ट्र महासभा का आयोजन किया गया था। इसी चर्चा के दौरान विश्व पर्यावरण दिवस का सुझाव भी दिया गया और इसके दो साल बाद, 5 जून 1974 से इसे मनाना भी शुरू कर दिया गया। 1987 में इसके केंद्र को बदलते रहने का सुझाव सामने आया और उसके बाद से ही इसके आयोजन के लिए अलग-अलग देशों को चुना जाता है। इसमें हर साल 143 से अधिक देश हिस्सा लेते हैं और इसमें कई सरकारी, सामाजिक और व्यावसायिक लोग पर्यावरण की सुरक्षा, समस्या आदि विषय पर बात करते हैं।

पर्यावरण को सुधारने हेतु यह दिवस महत्वपूर्ण है। लोगों में पर्यावरण जागरूकता को जगाने के लिए संयुक्त राष्ट्र द्वारा संचालित विश्व पर्यावरण दिवस दुनिया का सबसे बड़ा वार्षिक आयोजन है। इसका मुख्य उद्देश्य हमारी प्रकृति की रक्षा के लिए जागरूकता बढ़ाना और दिन-प्रतिदिन बढ़ रहे विभिन्न पर्यावरणीय मुद्दों को देखना है।

आधुनिक काल में हर तरफ उद्योग फैक्ट्रियां खुल गई हैं, जिससे बहुत ज्यादा मात्रा में कचरा निकलने लगा है। इन फैक्ट्रियों से निकलने वाले कचरे को खुले में या फिर नदियों में बहा दिया जाता है। इस चीज का अनुकरण आम लोग भी करने लगे हैं और कचरे को जहां-तहां फेंक दे रहे हैं। ऐसा करने से प्रदूषण में वृद्धि हो रही है। इस पर्यावरण दिवस आप संकल्प लें कि अपने यहां से निकलने वाले कचरे को सही स्थआन पर पहुंचाएंगे।

विकास कार्यों की आड़ में आजकल लोग अंधाधुंध पेड़-पौधो की कटाई कर रहें हैं। हमें इस चीज को छोड़ना चाहिए। पेड़ पौधे काटने से ना सिर्फ हमें ऑक्सीजन की कमी हो सकती है बल्कि पूरा मौसम चक्र बिगड़ सकता है, जिसके बाद फिर हमें भीषण प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ सकता है।आज के समय में पर्यावरण का सबसे बड़ा दुश्मन अगर कुछ है तो वह है पॉलीथिन या प्लास्टिक। इसका इस्तेमाल आज से ही बिल्कुल खत्म कर दें। अगर कोई दूसरा भी आपके सामने पॉलीथिन का इस्तेमाल कर रहा है तो उसे भी मना करें।