जिला हमीरपुर के सुजानपुर उपमंडल में मानसिक परेशानी के कारण एक हफ्ते से घर से गायब युवक की लाश मिलने का मामला सामने आया है। युवक की लाश मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार धर्मचंद पुत्र जयचंद निवासी हदों दी धार पंचयात जन्द्रू, का रहने वाला था और यह 5 जून को अचानक घर से गायब हो गया। इसके परिवार वालों ने गुमशुदगी की सूचना 6 जून को सुजानपुर थाना में दर्ज़ करवाई और इसके बाद से ही पुलिस जगह-जगह उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
जानकारी के अनुसार धर्म चंद शादीशुदा था और उसकी दो बेटियां और एक बेटा था। वह लुधियाना में एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। कोरोना वायरस के चलते फेक्टरियां बंद होने के कारण वह क़रीब दो माह से बेरोजगार था। धर्म चंद के चचेरे भाई संजीव कुमार ने बताया कि मानसिक रूप से वह बहुत परेशान रहता था। धर्मचंद का बेटा भी अपाहिज है।
उधर एसएचओ सुजानपुर सुभाष शास्त्री ने बताया कि लापता युवक की डेड बॉडी जंगलबेरी के पास पम्प हाउस के पास मिली है। डेड बॉडी फ़ूल गई थी और उससे दुर्गन्ध आना शुरू हो गई थी । उन्होंने बताया कि डेड बॉडी को पोस्टमोर्टम के लिए हमीरपुर लाया गया है। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए एफ़एसएल टीम भी मौक़े पर जुट गई है।



