Follow Us:

बरकरार है PM मोदी का जादू, सर्वे में सबसे लोकप्रिय राजनीतिक हस्ती

समाचार फर्स्ट |

अपने फैसलों को लेकर जमकर आलोचना झेल रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए गुजरात विधानसभा चुनाव से ठीक पहले अच्छी खबर आई है। एक सर्वे के आधार पर आई इस रिपोर्ट के अनुसार भारतीय राजनीति में मोदी का जादू अब भी बरकरार है।

अमेरिकी थिंक टैंक प्यू रिसर्च सेंटर द्वारा करवाए गए सर्वे के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय राजनीति में अब भी सबसे लोकप्रिय हस्ती हैं। इस सर्वेक्षण में करीब 2,464 लोगों को शामिल किया गया था। इस साल 21 फरवरी से 10 मार्च के बीच किए गए सर्वे के अनुसार 88 प्रतिशत लोगों ने मोदी को सबसे लोकप्रिय हस्ती माना।

इस सूची में हालांकि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी 58 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर काबिज होने में सफल रहे है। भारतीय राजनीति में सबसे लोकप्रिय हस्तियों की सूची में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी (57 प्रतिशत) तीसरे स्थान पर जबकि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (39 प्रतिशत) चौथे स्थान पर रहे।

प्यू रिसर्च ने अपने इस सर्वे रिपोर्ट में कहा है, "जनता द्वारा मोदी का सकारात्मक आकलन भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर बढ़ती संतुष्टि से प्रेरित है। हर 10 में से 8 लोगों ने कहा कि आर्थिक दशाएं अच्छी हैं। ऐसा महसूस करने वाले लोगों में 2014 के चुनाव के ठीक पहले से 19 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।"

प्यू रिसर्च के इस सर्वे में अर्थव्यवस्था को बहुत अच्छा (30 प्रतिशत) बताने वाले वयस्कों के आंकड़े में पिछले तीन साल में तीन गुना वृद्धि हुई है। रिपोर्ट में कहा गया है, "कुल मिलाकर हर 10 में से 7 भारतीय देश में चल रही चीजों को लेकर संतुष्ट हैं। भारत की दशा को लेकर सकारात्मक आकलन में 2014 से करीब दोगुनी वृद्धि हुई है।"