Follow Us:

कांगड़ाः बालकरूपी में 24 वर्षीय विवाहिता युवती ने फंदा लगाकर दी जान

अजीत वर्मा, जयसिंहपुर |

जिला कांगड़ा के अंतर्गत आने वाले पुलिस चौकी आलमपुर में 24 वर्षीय विवाहिता युवती के सुसाइड का मामला समाने आया है। यहां बालकरूपी में महिला ने फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी सुबह परिवार के लोगों को हुई। परिजनों ने पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर शाक्ष्य जुटाए।

जानकारी के अनुसार बालकरूपी धनेटर निवासी 24 वर्षीया ईशा की शादी करीब डेढ़ साल पूर्व हुई थी जिसकी पांच माह की बच्ची भी है। घटना की सूचना मिलने पर मायके की तरफ से करीब पच्चास लोग लड़की के मायके पहुंचे और ससुराल में खूब तोड़फोड़ की। लड़की के मायके वालों का आरोप था कि उनकी लड़की की हत्या की गई है। लड़की के भाई का कहना है कि उसकी बहन को ससुराल में उसकी सास और उसका पति मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। तीन चार दिन पहले ही उसका पति काम के सिलसिले में गया है लेकिन सास की प्रताड़ना जारी रही।

उसका कहना है कि शुक्रवार रात करीब साढ़े बारह बजे वह मां से बात कर सोई तो फिर रात दो बजे उसका शव पंखे से कैसे झूल गया। इसकी जानकारी उसके ससुराल वालों ने प्रधान और गांव वालों को दे दी। लेकिन उन्हें सुबह प्रधान से जानकारी मिली। मृतका के भाई ने प्रश्न करते हुए कहा कि जब सब सो गए थे तो फंदे पर झूलने की बात उसके ससुराल वालों को कैसे मिली और उन्हें रात को ही क्यों नहीं बताया गया। शव को पुलिस के आने से पहले क्यों उतारा गया। थाना प्रभारी अश्वनी शर्मा ने बताया छानबीन जारी है। ससुराल पक्ष के लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।