Follow Us:

वीरभद्र सरकार के बाद हिमाचल में ठप पड़ा विकास, कोरोना से निपटने में विफल रही सरकार: राजीव शुक्ला

पी. चंद शिमला |

राजीव शुक्ला को रजनी पाटिल की जगह हिमाचल का नया प्रभारी बनाया गया है। प्रभारी बनने के बाद राजीव शुक्ला गुरूवार को पहली बार शिमला पहुंचे। दो दिन के हिमाचल दौरे पर पहुंचे राजीव शुक्ला कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ बैठकें करेंगे। कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन पहुंचे राजीव शुक्ला ने कहा कि हिमाचल देश का मुकुट है। कांग्रेस की हिमाचल को बहुत बड़ी देन है। इंदिरा गांधी ने हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया था। आगामी विधानसभा चुनावों में 200 फ़ीसदी कांग्रेस की सरकार बनेगी। 

शुक्ला ने कहा कि वीरभद्र सिंह सरकार के दौरान हिमाचल प्रदेश में जो विकास हुआ था वह अब ठप पड़ गया है। प्रदेश में 14 लाख बेरोजगार हैं हर वर्ग परेशान है। केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार हर मोर्चे पर विफ़ल रही है। केन्द्र सरकार किसान विरोधी है क्योंकि जो कृषि बिल केन्द्र लाया है उससे देश का किसान तबाह हो जाएगा। बड़े बड़े हाथों में फसलों का नियंत्रण चला जाएगा।  न्यूनतम समर्थन मूल्य रहना चाहिए। मंडियों में जहां किसान अपनी फसल बेचता है उनको खत्म नहीं किया जाना चाहिए। कृषि कानून में बदलाब किया जाए।

राजीव शुक्ला ने कहा कि कारोना से निपटने पर भी सरकार विफ़ल रही है। कारोना से निपटने के लिए जो कदम उठाए जाने चाहिए थे वह समय पर नहीं उठाए गए। मामले लगातार बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति ख़राब हो चुकी है। हिमाचल में भी स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही से एक महिला ने आत्महत्या की है।