Follow Us:

मंडीः रोहित ने 300 KM की रोमांचक साइकिल यात्रा कर पूरा किया अटल टनल देखने का शौक

बीरबल शर्मा, मंडी |

समुद्रतल से 10 हजार 040 फीट की उंचाई पर रोहतांग पर्वतमाला के नीचे बनी 9 किलोमीटर लंबी दुनिया की अद्भुत यातायात अटल टनल को देखने, उससे होकर गुजरने का जुनून इस समय लोगों के सर चढ़ कर बोल रहा है। अपने अपने तरीके से इस शौक को जल्द से जल्द पूरा करने में शौकीन लगे हैं। मंडी शहर के टारना हिल्स निवासी रोहित ठाकुर पुत्र रमेश ठाकुर ने मंडी से साइकिल पर जाकर ही अटल टनल का नजारा देखा। उसके अनुसार उसका यह सफर बेहद रोमांचक रहा। वह साइकिल पर इस तरह की यात्राएं करता रहा है।

अब उसने मंडी से सुबह चलकर सात घंटे में मनाली तक का 110 किलोमीटर का सफर तय किया और फिर उसके बाद मनाली से चलते हुए इस अद्भुत टनल से गुजरने का रोमांच हासिल करते हुए लाहौल घाटी के सिस्सू तक साइकल से यात्रा की। वह सिस्सू से वापस होकर फिर साइकल पर वापस मंडी पहुंचा। उसने अपने इस 300 किलोमीटर के साइकिल सफर के बारे में शनिवार को यहां जिक्र करते हुए बताया कि उसके लिए यह एक अद्भुत अनुभव रहा है जो उसे ताजिंदगी याद रहेगा। उन्होंने कहा कि हम साइकल का अधिक से अधिक प्रयोग करके अपने प्रदेश, देश और दुनिया को प्रदूषण के बढ़ते खतरे से बचा सकते हैं।