Follow Us:

कल से शुरू होगी अंतरराज्यीय बस सेवा, पहले चरण में 25 रूटों पर चलेंगी बसें: बिक्रम सिंह

पी. चंद |

हिमाचल पथ परिवहन निगम 14 अक्टूबर से अंतरराज्यीय बस सेवाओं को बहाल कर रहा है। पहले चरण में  25 रूटों पर अंतरराज्यीय बस सेवाएं शुरू की जाएंगी। इनमें चंडीगढ़, पठानकोट, बद्दी, होशियारपुर, लुधियाना, अम्बाला, हरिद्वार इत्यादि प्रमुख हैं। अंतरराज्यीय रूटों पर सिर्फ गैर-वातानुकूलित (नॉन-एसी) बसें ही चलाई जाएंगी। अंतरराज्यीय बस रूटों में रात्रि बस सेवाएं भी सम्मिलित की गई हैं।

इस बारे में जानकारी देते हुए परिवहन मंत्री बिक्रम सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार ने 14 अक्तूबर, 2020 से हिमाचल पथ परिवहन निगम की अंतरराज्यीय बस सेवाओं के परिचालन का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि नवरात्रों और त्यौहारों के मद्देनजर लोगों को सुविधा प्रदान करने के दृष्टिगत प्रदेश सरकार ने यह निर्णय लिया है। पिछले कुछ समय से आम लोग भी अंतरराज्यीय बस सेवाएं आरम्भ करने की मांग कर रहे थे। 

उन्होंने कहा कि शीघ्र ही अन्य राज्यों के लिए भी अंतरराज्यीय बस सेवाओं का परिचालन आरम्भ किया जाएगा।  परिवहन मंत्री ने कहा कि अंतरराज्यीय रूटों पर बसों के परिचालन के लिए कोरोना वायरस से बचाव के लिए सभी दिशा-निर्देशों का सख़्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।