Follow Us:

इसरो ने PSLV-C49 के जरिए 10 उपग्रहों को किया लॉन्च

समाचार फर्स्ट डेस्क |

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन यानि इसरो ने एक बार फिर इतिहास रचा है। इसरो ने दुनिया में एक बार फिर अपनी तकनीक का लोहा मनवाया है। इसरो ने दोपहर 3 बजकर 2 मिनट पर PSLV-C49 के जरिए 10 उपग्रहों को लॉन्च किया। इसमें से 9 अंतरराष्ट्रीय उपग्रह हैं, जबकि एक भारत का अर्थ ऑब्जर्वेशन सैटेलाइट (EOS-01) है। शुक्रवार को प्रक्षेपण की उलटी गिनती शुरू हो गई थी।

इसरो ने जिन 10 उपग्रहों को आज लॉन्च किया है उनमें से भारत का एक, लिथुआनिया का एक, लक्समबर्ग के चार और अमेरिका के चार सैटेलाइट हैं। ये सैटेलाइट्स दोपहर 3 बजकर 2 मिनट पर श्रीहरिकोटा के सतीश धवन स्पेस सेंटर से लॉन्च किए गए। बता दें कि कोरोना वायरस महामारी के बीच भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन का यह इस साल का पहला अंतरिक्ष मिशन है।

जानकारी के अनुसार 'अर्थ ऑब्जर्वेशन सैटेलाइट' 'अर्थ ऑब्जरवेशन रिसेट सैटेलाइट' का ही एक एडवांस्ड सीरीज है। इसके माध्यम से बादलों के बीच से भी पृथ्वी की साफ फोटो ली जा सकती है। यह सैटेलाइट दिन के अलावा रात में भी तस्वीरें लेने में सक्षम है। इसमें सिंथेटिक अपर्चर रडार लगा हुआ है, जिससे किसी भी मौसम में पृथ्वी पर नज़र रखी जा सकती है।