Follow Us:

जयराम सरकार 4 बार के सांसद की नहीं सुन रही, तो सोचो विपक्ष के साथ कैसा व्यवहार होता होगा: सुक्खू

नवनीत बत्ता |

मुख्यमंत्री और अनुराग ठाकुर की जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र में सार्वजनिक मंच एक दूसरे पर की गई छिंटाकशी पर कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने चुटकी ली है। सुक्खू ने कहा कि प्रदेश की जयराम सरकार अपने ही पार्टी के दो बार के मुख्यमंत्री के बेटे, चार बार के सांसद और मोदी सरकार में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर की बात नहीं सुन रही है। अनुराग ठाकुर को जयराम सरकार में अपने काम न होने का रोना सार्वजनिक मंच पर रोना पड़ रहा है तो आम जनता और विपक्षी नेताओं के साथ इस प्रदेश सरकार द्वारा कैसा व्यवहार किया जा रहा होगा। इस प्रकरण से प्रदेश की जयराम सरकार भी बेनकाब हुई है 

सुक्खू ने बताया कि केंद्रीय विश्वविद्यालय देहरा तत्कालीन कांग्रेस की यूपीए सरकार की देन है। लेकिन भाजपा की केंद्र एवं राज्य सरकारों द्वारा किये गए सौतेले व्यवहार के कारण विकास कार्य अधर में लटक गए जिनमें से केंद्रीय विश्वविद्यालय देहरा भी उनमें से एक है। भाजपा द्वारा डबल इंजन की सरकार के द्वारा विकास कार्य करवाने के झूठे सब्जबाग जनता को दिखाकर वोट लिए लेकिन आज नए कार्य स्वीकृत करना तो दूर पुराने कार्यों को भी अमलीजामा तक इस भाजपा सरकार द्वारा नहीं पहनाया जा रहा है। 

नादौन विधानसभा क्षेत्र में भी उनके द्वारा मंजूर कराये गए मेडिकल कॉलेज की आधारशिला मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा रखने के तीन साल बीत जाने बाद अब निर्माण कार्य शुरू पाया है। इस निर्माण कार्य को शुरू करवाने के लिए भी उन्हें कई प्रयास करने पड़े । भाजपा सरकार ने इसमें भी अड़ेंगें अटकाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। आज इनके ही केंद्रीय वित राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने स्वयं ही सार्वजनिक मंच पर जयराम सरकार की पोल खोल दी है।