Follow Us:

BJP कोविड-19 के मुश्किल समय में भी कर रही जनसेवा का कामः वानती श्रीनिवासन

पी. चंद |

भाजपा महिला मोर्चा की विशेष बैठक का आयोजन सोलन के होटल शगुन में किया गया। इस बैठक में महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्षा वानती श्रीनिवासन विशेष रूप में उपस्थित रहीं। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह वानती श्रीनिवासन का हिमाचल प्रदेश में पहला दौरा है। बैठक में महिला मोर्चा हिमाचल प्रदेश अध्यक्षा रश्मि धर सूद, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, महिला मोर्चा प्रभारी राम सिंह, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पुरषोत्तम गुलेरिया, कालका से पूर्व विधायका लतिका, उषा वाजपाई विशेष रूप में उपस्थित रहे। बैठक में भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्षा रश्मि धर सूद ने अपना वृत्त राष्ट्रीय अध्यक्ष वानती श्रीनिवासन के समक्ष रखा। कार्यक्रम में महिला मोर्चा द्वारा कोविड-19 काल में कार्यों की एक पुस्तिका ई बुक भी लांच की गई।

महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्षा वानती श्रीनिवासन ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा इस कोविड-19 के मुश्किल समय में भी जन सेवा का कार्य कर रही है। अगर केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ना होती और अन्य कोई सरकार होती तो परिणाम दुर्भाग्यपूर्ण होते। केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार एक सशक्त नेतृत्व वाली सरकार है, जब कोविड-19 का संकट काल शुरू हुआ तब भारत में एक भी पीपीई किट नहीं बन पाई थी पर अब भारत पीटीईटी का एक्सपोर्ट कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल चुनाव लड़ने नहीं आती पर समाज सेवा का कार्य करने के लिए आती है। भाजपा प्रदेश महामंत्री के त्रिलोक जम्वाल ने संगठनात्मक विषय पर विस्तृत चर्चा की।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जिस प्रकार से महिला मोर्चा हिमाचल प्रदेश में 1 बूथ 20 महिला पालिका योजना चला रही है वो आने वाले समय में बहुत लाभदायक सिद्ध होने वाली है। कोविड-19 संकट काल के समय महिला मोर्चा ने फेस कवर बनाए और बड़ी तादाद में हिमाचल प्रदेश की जनता में वितरित किए और जिस प्रकार से महिला मोर्चा ने कार्य किया इस योजना को पूरे देश भर में चलाया गया। भाजपा हिमाचल प्रदेश इकाई देशभर में पहली इकाई है जो डिजिटल हो रही है और अब महिला मोर्चा भी डिजिटल होने के मार्ग पर अग्रसर है।

उन्होंने बताया कि 2022 में भाजपा मिशन रिपीट करने जा रही है और एक बार फिर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सशक्त सरकार बनेगी और अभी तक जयराम ठाकुर के 3 साल का कार्यकाल उपलब्धि भरा रहा है। मुख्यमंत्री स्वयं ग्रामीण से नाता रखते हैं और वह गांव-गांव की समस्या को भली भांति जानते हैं। मुख्यमंत्री ने हर वर्ग के लिए संपूर्ण विकास किया है। केंद्र में मोदी सरकार और प्रदेश में जयराम सरकार ने महिला सशक्तिकरण का कार्य किया है और आने वाले पंचायती राज चुनावों में भी महिला मोर्चा की महत्वपूर्ण भूमिका रहने वाली है। भाजपा ही वह राजनीतिक दल है जिसने महिलाओं को पंचायती राज चुनावों में 50% आरक्षण दिया। जिस प्रकार से महिला मोर्चा समाज में कार्य कर रही है वह बेहतरीन है। भाजपा कोविड-19 महामारी के खिलाफ जागरूकता अभियान शुरू करने जा रही है, और आने वाले समय में जिस प्रकार से संगठन एवं सरकार में तालमेल है प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति में सुधार आएगा।