Follow Us:

राठ़ौर का मुख्यमंत्री को जवाब, जयराम को वीरभद्र तक पहुंचने के लिए युगों लग जाएंगे

पी. चंद |

पंचायत चुनाव को लेकर कांग्रेस में बैठकों का दौर जारी है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने आज जिलाध्यक्षों के साथ वर्चुअल बैठक की जिसमें उन्होंने सभी से फीडबैक लिया और पंचायत चुनावों को लेकर सभी को तैयार रहने को कहा।

कुलदीप सिंह राठौर ने जिलाध्यक्षों से जिला परिषद और नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस विचारधारा से जुड़े लोगों को आगे लाने व उन्हें मजबूती से जिताने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस पर्व में भाजपा के किसी भी राजनैतिक षड्यंत्र को सफल नहीं होने देना है। इन चुनावों में सभी पदाधिकारी औऱ कार्यकर्ता अपनी पूरी नज़र रखें और किसी भी गड़बड़ी का डट कर विरोध करें।

राठौर ने कहा कि जिस प्रकार भाजपा ने पंचायती राज संस्थाओं में रोस्टर से छेड़छाड़ करते हुए फर्जी वोटर्स बनाए है, उस सब पर कड़ी नज़र रखने की जरूरत है। आज भाजपा पंचायत चुनाव को हर तरीके से प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। भाजपा की स्थिति आज नाजुक है इसलिए नगर निगम के चुनाव अभी नहीं करवाये जा रहे है।

मुख्यमंत्री के बयान पर राठौर ने कहा कि जयराम को वीरभद्र तक पहुंचने के लिए युगों लग जाएंगे। वह 6 बार प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं। जयराम को इस तरह की भाषा बोलने के बजाए संयमित भाषा का प्रयोग कर वीरभद्र से सीखना चाहिए। आज भाजपा की सरकार कांग्रेस के समय हुए कामों के फीते काट रही है। नए काम प्रदेश में कुछ नहीं हो रहे।