Follow Us:

हिमाचल में पंचायत चुनावों का आज हो सकता है ऐलान, सोशल मीडिया पर छाया चुनाव का खुमार

पी.चंद, शिमला |

पहाड़ी प्रदेश हिमाचल में 3615 पंचायतों के चुनाव का ऐलान आज हो सकता है। प्रदेश की 3615 पंचायतों में 21384 वार्ड है। राज्य निर्वाचन आयोग आज पंचायत चुनाव की तिथियों की घोषणा कर सकता है। उसी के साथ प्रदेश में आदर्श चुनाव आचार सहिंता भी लागू हो जाएगी। चुनावों के ऐलान से पहले ही सोशल मीडिया पर चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों ने अपनी-अपनी दावेदारी ठोकना शुरू कर दी है। इस बार चुनावी मैदान में युवा चेहरे अधिक नज़र आ सकते है।

हिमाचल प्रदेश में 412 नई पंचायतों का गठन हुआ है। 23 पंचायतें नए नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायतों में शामिल की गईं हैं। पंचायतों में 3615 प्रधान और उप प्रधान चुने जाने है। कांगड़ा में सबसे अधिक 4785 वार्ड हैं। मंडी में 3271, शिमला में 2304, चंबा में 1771, सिरमौर में 1601, ऊना में 1555, सोलन में 1524,  हमीरपुर में 1430, कुल्लू में 1387, बिलासपुर में 1140, किन्नौर में 389 और लाहौल-स्पीति में 227 वार्ड हैं। पंचायत समिति के के 1792 वार्डों में चुनाव होगा।

राज्य निर्वाचन आयोग नगर परिषदों और नगर पंचायतों के चुनाव की तिथियों की घोषणा पहले ही कर चुका है। प्रदेश में होने जा रहे नगर निकायों की चुनाव में 56 फीसद पर महिलाएं रहेंगी। शहरी निकायों में 29 नगर परिषदों और 21 नगर पंचायतों यानी की 50 शहरी निकायों में चुनाव हो रहे हैं। इनमें 50 अध्यक्षों में से 33 आरक्षित वर्ग के लिए हैं। इनमें 28 पर महिलाएं अध्यक्ष बनेंगी। 10 जनवरी को होने वाले मतदान से नगर परिषद और नगर पंचायतों के 416 वार्ड सदस्यों का चयन होगा और उनमें से अध्यक्ष का चुनाव होगा।