Follow Us:

ड्यूटी के दौरान नालागढ़ के मेजर कुलदीप सिंह लद्दाख के द्रास में हुए शहीद

पी. चंद |

सोलन जिला के नालागढ़ में एक जवान ड्यूटी के दौरान शहीद हो गया। यहां जगतपुर पंचायत के गांव जगराला के 41 वर्षीय बटालियन हवलदार मेजर कुलदीप सिंह लद्दाख के द्रास में शहीद हो गए हैं। कुलदीप सिंह ने ऑप्रेशन स्नो लैपर्ड के तहत शहादत पाई है। शहीद कुलदीप सिंह के दादा दौला सिंह भी स्वतंत्रता सेनानी थे। कुलदीप सिंह की शहादत पर नालागढ़ क्षेत्र में गम का माहौल है।

जानकारी अनुसार 10 जुलाई, 1999 को सेना में भर्ती हुए कुलदीप सिंह में बचपन से ही देश सेवा का जज्बा था। उनके बड़े भाई सुरेंद्र सिंह बीएसएफ से सेवानिवृत्त हुए हैं। इसके अलावा चचेरे भाई भी सेना भी तैनात हैं।  79 मीडियम आर्टिलरी रैजीमैंट में तैनात कुलदीप सिंह की पार्थिव देह शनिवार को पैतृक गांव पहुंचने की उम्मीद है।

मेजर कुलदीप सिंह की शहादत पर मुख्यमंत्री ने दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि द्रास में सेवाएं देते हुए भारतीय सेना का वीर जवान एवं वीरभूमि हिमाचल के नालागढ़ का सपूत कुलदीप सिंह के शहीद होने वाली खबर अत्यंत दुःखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति व शोकग्रस्त परिवार को संबल प्रदान करें। हिमाचल को वीर जवान कुलदीप की शहादत पर गर्व है।