Follow Us:

प्रदेश की 1227 पंचायतों में शुरू हुई मतदान प्रक्रिया

मृत्युंजय पुरी |

प्रदेश की 1227 पंचायतों में चुनाव शुरू हो गया। सुबह आठ बजे मतदान शुरू हो गया। शाम चार बजे तक मतदान चलेगा। चार से पांच बजे तक कोरोना संक्रमित मतदान करेंगे। शाम को ही परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। 239 जिला परिषद सदस्‍यों के लिए वोटिंग होगी। आज 17 लाख से अधिक मतदाता मतदान करेंगे। आज पंचायत प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्‍य, जिला प‍रिषद सदस्‍य और पंचायत समिति सदस्‍य के लिए चुनाव हो रहा है। प्रदेश में तीन चरणों में 3583 पंचायतों में 51 लाख 44 हजार मतदाता वोट डालेंगे।

पंचायती राज चुनाव के पहले चरण के मतदान के साथ ही 276 पंचायतों को नए मुखिया मिल जाएंगे। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद मतगणना शुरू हो जाएगी और परिणाम घोषित हो जाएंगे। सबसे पहले वार्ड सदस्यों के परिणाम आएंगे, उसके बाद उपप्रधान और प्रधान के परिणाम घोषित होंगे।

सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कांगडा अश्वनी शर्मा के मुताबिक जिला कागड़ा के 15 ब्लॉक बैजनाथ, लंबागांव, पंचरुखी, सुलह, भवारना, नगरोटा बगवां, कांगड़ा, धर्मशाला, रैत, देहरा, परागपुर, नगरोटा सूरियां, नूरपुर, फतेहपुर और इंदौरा की 276 पंचायतों में पहले चरण का मतदान हो रहा है। मतदान सुबह 8 बजे शुरू हो गया और शाम 5 बजे तक चलेगा, जिसमें एक घंटा यानी शाम 4 से 5 बजे तक कोरोना संक्रमित लोग मतदान कर पाएंगे। चुनाव प्रक्रिया को 1708 पोलिंग टीमें संपन्न करवाएंगी।