Follow Us:

रोमांचक भरा रहा पहले चरण का चुनाव, कई जगहों पर दंपति ने जीते चुनाव

समाचार फर्स्ट डेस्क |

हिमाचल प्रदेश में कुल 3583 पंचायतों में से रविवार को 1227 पंचायतों में चुनाव हुए। प्रदेश में चुनाव काफी रोमांचक भरे रहे। कई जगहों पर पति और पत्नी को पंचायत की कमान संभाली तो कहीं कम उम्र की युवतियां प्रधान पद के लिए चुनीं गई। कई जगहों पर अभी तक सस्पेंस बना हुआ है औऱ काउंटिंग के चलते अभी तक प्रक्रिया चल रही है।

जिला मंडी के विकास खंड गोहर के अंतर्गत आने वाली शाला पंचायत की कमान पति-पत्नी के हाथ में रहेगी। यहां पर पत्नी मीनाक्षी ठाकुर प्रधान और पति राजकुमार उपप्रधान पद पर जीत हासिल की। बताया जा रहा है कि राजकुमार यहां से निवर्तमान प्रधान थे। पंचायत का पद महिला के लिए आरक्षित होने पर राजकुमार स्वयं उपप्रधान पद के लिए जबकि उन्होंने अपनी पत्नी मीनाक्षी ठाकुर को प्रधान पद का उम्मीदवार बनाया। राजकुमार को 901 औऱ निकटतम प्रतिद्वंद्वी प्रकाश को 426 वोट पड़े जबकि मीनाक्षी ठाकुर को 789 और प्रतिद्वंदी सुमना को 552 मत पड़े।

इसके अलावा द्रंग हलके की ग्राम पंचायत कोटाधार में भी पति-पत्‍नी चुनाव जीत गए। आशा देवी प्रधान बन गईं और महावीर प्रसाद उपप्रधान चुने गए। वहीं, जिला कांगड़ा में ज्वाली के अंतर्गत आने वाली कुठेड़ा पंचायत में भी पति और पत्नी ने भी पंचायत के प्रधान और उपप्रधान पद की कमान संभाली है। यहां पति कुठेड़ पंचायत से सुशील कुमार प्रधान और उनकी पत्नी वीना कुमारी उप प्रधान बनी।