Follow Us:

पराक्रम दिवस के रूप में मनाई जा रही सुभाष चंद्र बोस की जयंती, PM मोदी सहित कई नेताओं ने किया नमन

समाचार फर्स्ट डेस्क |

महान स्वतंत्रता सेनानी और आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आज 125 वीं जयंती पराक्रम दिवस के रूप में मनाई जा रही है। केंद्र सरकार ने उनकी जयंती को पराक्रम दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया है। इस अवसर पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री मोदी समेत अन्य नेताओं ने उन्हें याद किया और श्रद्धांजलि दी।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट करके कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस के 125वें जयंती वर्ष के समारोहों के शुभारंभ के अवसर पर उनको सादर नमन। उनके अदम्य साहस और वीरता के सम्मान में पूरा राष्ट्र उनकी जयंती को 'पराक्रम दिवस' ​​के रूप में मना रहा है। नेताजी ने अपने अनगिनत अनुयायियों में राष्ट्रवाद की भावना का संचार किया। भारत के स्वतंत्रता संग्राम में असाधारण योगदान देने वाले नेताजी हमारे सबसे प्रिय राष्ट्र नायकों में से एक हैं। उनकी देशभक्ति और बलिदान से हमें सदैव प्रेरणा मिलती रहेगी। उन्होंने आजादी की भावना पर बहुत बल दिया और उसे मजबूत बनाने के लिए हम पूर्णतया प्रतिबद्ध हैं।

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानी और भारत माता के सच्चे सपूत नेताजी सुभाष चंद्र बोस को उनकी जन्म-जयंती पर शत-शत नमन। कृतज्ञ राष्ट्र देश की आजादी के लिए उनके त्याग और समर्पण को सदा याद रखेगा। #ParakramDivas

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महानायक जिन्होंने देश की आज़ादी के लिए अपना सर्वस्व त्याग कर हर कठिनाई का सामना करना स्वीकार किया, ऐसे नेताजी सुभाष चंद्र बोस को उनकी जयंती पर मैं नमन करता हूँ। उनके साहस और पराक्रम से आने वाली पीढ़ियाँ भी प्रेरणा प्राप्त करती रहेंगी।  #ParakramDivas

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के साहस और पराक्रम ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम को नई शक्ति प्रदान की। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में अपने करिश्माई नेतृत्व से देश की युवाशक्ति को संगठित किया। स्वतंत्रता आन्दोलन के ऐसे महानायक की 125वीं जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। सम्पूर्ण राष्ट्र नेताजी के पराक्रम और अविरल संघर्ष के लिए सदैव ऋणी रहेगा। उनकी जयंती को ‘पराक्रम दिवस’ के रूप में मनाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें एक अभूतपूर्व श्रद्धांजलि दी है। समस्त देशवासियों को पराक्रम दिवस की शुभकामनाएं देता हूँ। #ParakramDivas

भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि आजाद हिंद फौज के संस्थापक एवं महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उन्हें शत्-शत् नमन व सभी देशवासियों को पराक्रम दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिलाने और भारत की स्वतंत्रता हेतु आपके त्याग, बलिदान और समर्पण का राष्ट्र सदैव कृतज्ञ रहेगा।