Follow Us:

शिमला में बर्फ़बारी के बाद अचानक बढ़ गया पारा, दिल्ली, चंडीगढ़ और देहरादून से गर्म रही शिमला की रात

पी. चंद |

पहाड़ी प्रदेश हिमाचल की राजधानी शिमला में बर्फ़बारी के बाद बीते रोज पारा अचानक चढ़ गया। शिमला में बीते रोज का पारा 11.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। राजधानी शिमला में दो फीट बर्फबारी होने के चार दिन बाद एकाएक न्यूनतम और अधिकतम तापमान बढ़ गया। हालांकि, मंगलवार रात को पारा लुढ़का है और यह पांच डिग्री के करीब दर्ज किया गया। पूरे प्रदेश समेत चंडीगढ़ दिल्ली, अहमदाबाद, देहरादून, अंबाला और करनाल समेत देश के कई शहरों से अधिक न्यूनतम पारा रिकॉर्ड किया गया।

मौसम केन्द्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि सोमवार रात राजधानी का न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लेकिन बीती रात तापमान फ़िर 5 डिग्री लुढ़ककर 5.5 डिग्री रह गया। मनमोहन सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से आसमान पर बादल छाए और तापमान अचानक से बढ़ गए। लेकिन अब तापमान फ़िर लुढ़क गया है। फ़िलहाल हिमाचल में मौसम सप्ताह भर साफ रहने का अनुमान है।