देहरा में आज कांग्रेस द्वारा महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। इस दौरान पूर्व मंत्री जीएस बाली सहित राज्यसभा सांसद विप्लब ठाकुर, पालमपुर विधायक आशीष बुटेल, पूर्व विधायक संजय रतन, अजय महाजन, कांग्रेस प्रवक्ता केवल पठानिया और जिला युथ कांग्रेस अध्यक्ष पंकज कुमार भी उपस्थित। सभी नेताओं ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
पूर्व मंत्री जीएस बाली ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने देश की जनता को ठगा है । देश में महंगाई कम करने के नाम पर सत्ता हासिल करने वाले आज कोरोना की दुहाई दे रहे हैं। देश में कच्चे तेल की कीमत आज सबसे कम है। बावजूद इसके देश में आज पेट्रोल की कीमत 100 रुपये तक पहुंच गई है।
बाली ने कहा कि डबल इंजन की सरकार आज प्रदेश में है। लेकिन प्रदेश की हालत किसी से छुपी नहीं है। आज हिमाचल सरकार अपनी रथ यात्रा निकालने की बात कर रही है लेकिन सरकार ये नहीं बता रही कि उन्होंने प्रदेश के विकास के लिए किया क्या है और कितने लोगों को उन्होंने रोजगार दिया है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि प्रदेश में आज सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। सरकार के अधिकारी सरकार के आदेशों को नहीं मानते। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि स्थिति कैसी है। आज प्रदेश में केंद्रीय विश्वविद्यालय की बात की जाती है लोकसभा चुनावों में आधारशिला देहरा में केंद्रीय मंत्री रखने आते हैं। लेकिन 2 साल बीत जाने के बाद भी जो सरकार सीयू का नींव पत्थर तक नहीं रख पाई उस सरकार से क्या उमीद की जा सकती है ।