Follow Us:

शक्तिपीठ ज्वालामुखी में गुप्त नवरात्रि का समापन, पुजारियों ने डाली यज्ञशाला में पूर्णाहुति

पी. चंद |

विश्वविख्यात शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर में विश्व कल्याण और विश्व शान्ति व वैश्विक महामारी के नाश के लिए नौ दिन से चल रहे माघ अष्टमी गुप्त नवरात्रों का विधिवत समापन हो गया। यज्ञ शाला में वैदिक मंत्रों से हवन यज्ञ किया। मंदिर न्यास सदस्य पुजारी मधुसूदन शर्मा और प्रशांत शर्मा ने विधिवत मंत्रोउच्चारण से आहुतियां डलवायी।

पुजारी महासभा पुजारी अविनेंद्र ने बताया कि आज नवमी के दिन सिद्धिदात्री का पूजन किया जा रहा है और इन गुप्त नवरात्रों में गणपति का सवा लाख, गायत्री सवा लाख, बटुक भैरव सवा लाख, ज्वालामुखी मूल मंत्र सवा 5 लाख की संख्या में किया गया। इसके साथ दुर्गा सप्तशती के 100 पाठ भी किये गए। उन्होंने बताया कि मां के आशीर्वाद से विश्व में शांति और जनकल्याण की भावना लोगों में हो और वैश्विक महामारी कोरोना का नाश हो इसी उद्देश्य की कामना के लिए यह अनुष्ठान किया गया। इन नवरात्रों में पूजा अर्चना जप पाठ करने से गुप्त सिद्धियां प्राप्त होती हैं।

विश्व शांति और जनकल्याण के लिए पुजारी महासभा, मंदिर न्यास के सहयोग से इस आयोजन को सदियों से करती चली आ रही है। एसडीएम ने नवरात्रों के समापन के लिए सभी का धन्यवाद किया और माता से प्रार्थना की विश्व का कल्याण हो पूरे विश्व मे वैश्विक महामारी का नाश हो और गुप्त नवरात्रों की देश और प्रदेश वासियों को शुभकामनांए दी।