Follow Us:

विनाश का लेख लिख रही है कांग्रेसः अविनाश राय खन्ना

बीरबल शर्मा |

पूर्व सांसद व भाजपा के प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने शनिवार को मंडी सेरी मंच पर आभार रैली को संबोधित करते हुए कहा कि शिमला में शुक्रवार को विधानसभा सत्र के मौके पर कांग्रेस के विधायकों ने जो किया उससे यह सपष्ट हो गया है कि कांग्रेस अपने विनाश का लेख लिख रही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से सीताहरण से पहले रावण को उसकी पत्नी मंदोदरी ने बार बार आगाह किया था कि वह इस तरह से साधु का भेष बनाकर एक स्त्री से छल न करें, उसका अपहरण न करें, मगर वह नहीं माने और उनका अंत हो गया वहीं कुछ कांग्रेस के विधायकों ने किया है। 

उन्होंने कहा कि जिन विधायकों को लोगों ने कानून बनाने व विकास के लिए चुन कर भेजा है। वह प्रदेश के प्रथम नागरिक के साथ इस तरह का दुर्व्यवहार करें और वह भी एक शांतिप्रिय प्रदेश जिसकी मिसाल पूरे देश में दी जाती है तो इससे यही संकेत मिलता है कि विनाश नजदीक है। खन्ना ने कहा कि जिस तरह से चुनावों में भाजपा को जीत मिलती आ रही है यह 2022 में फिर से भाजपा की सरकार बनने वाली है का सपष्ट संकेत है।

खन्ना ने कहा कि प्रदेश के लोगों को एक ऐसा मुख्यमंत्री मिला है जिससे गांव का सरपंच भी फोन पर बात कर लेता है। उन्होंने कहा कि ऐसा फलेक्सीवल मुख्यमंत्री आपको और कोई नहीं मिलेगा। खन्ना ने लोगों से आग्रह किया कि वह आज ही कसम खाकर जाएंगे कि मंडी नगर निगम की 15 की 15 सीटों पर भाजपा के पार्षद बनाएंगे और प्रदेश सरकार के खजाने में अपना हाथ डाले रखेंगे।