Follow Us:

चंबा बस हादसे पर नड्डा ने जताया शोक, घायलों के शीध्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की

पी. चंद |

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में बस दुर्घटना में कई लोगों की असामयिक मृत्यु का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा स्थानीय प्रशासन व भाजपा कार्यकर्ता पीड़ितों की मदद में तत्परता से जुटे हैं। इस दुःख की घड़ी में शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदनाएं और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।

बता दें कि जिला चंबा के चुराह में पड़ते बोंदेडी तीसा मार्ग पर बुधवार सुबह एक निजी बस हादसे का शिकार हो गई। इस दर्दनाक हादसे में 6 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि 3 घायलों ने अस्पताल पहुंचने पर दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में कुल 18 लोग सवार बताए गए हैं। दुर्घटना में घायल लोगों का तीसा अस्पताल में उपचार चल रहा है। जहां कई घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर कर दिया गया है।