Follow Us:

मुख्यमंत्री ने कोरोना काल में एचआरटीसी चालकों द्वारा प्रदान की गई सेवाओं की सराहना की

पी. चंद |

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज मण्डी में हिमाचल सड़क परिवहन निगम चालक संघ के 9वें राज्य स्तरीय स्थापना दिवस कार्यक्रम के अवसर पर सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम के चालकों ने कोरोना महामारी के दौरान देश के अन्य राज्यों में फंसे हिमाचलवासियों को घर वापस लाने में मुख्य भूमिका अदा की है। हजारों छात्र बहुत ही दूर के क्षेत्रों जैसे कि राजस्थान के कोटा से वापस घर लाए गए।

हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों में सड़कें आर्थिकी की जीवन रेखाएं हैं। इससे एचआरटीसी के वाहन चालकों की भूमिका और भी अहम हो जाती है। लोग अपने गंतव्य पर सुरक्षित और समय पर पहुंच सकें, यह सुनिश्चित करने के लिए निगम के चालक दिन रात कड़ी मेहनत करते हैं। राज्य सरकार ने एचआरटीसी के चालकों और परिचालकों को उनकी सारी बकाया राशि समय पर प्रदान की है ताकि उन्हें समस्या का सामना न करना पड़े।

राज्य के लोगों को बेहतर एवं आरामदायक परिवहन सुविधा प्रदान करने के लिए एचआरटीसी के बेड़े में 200 नई बसें जोड़ी गई हैं। राज्य परिवहन के लिए बजट में 377 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। राज्य सरकार चालकों की पदोन्नति की मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी क्योंकि चालक  30 से 35 वर्ष तक का सेवाकाल देने के बावजूद भी चालक पद पर ही सेवानिवृत्त होते हैं और उनकी पदोन्नति का कोई रास्ता नहीं है।