Follow Us:

नगर निगम चुनाव में अब टिकटों में किसी भी तरह के बदलाव की संभावना नहीं: सुरेश कश्यप

बीरबल शर्मा |

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि नगर निगम के चुनाव में अब टिकटों के बदलाव की संभावना नहीं है। मंडी में पत्रकारों को संबोधित करते हुए सुरेश कश्यप ने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है, एक समय था कि भाजपा से कोई टिकट लेने वाला नहीं होता था। मगर अब पार्टी का टिकट लेने केलिए होड़ लगी रहती है। पार्टी ने जिन्हें भी टिकट दिया है कि सोच-समझकर ही दिया है। उन्होंने कहा कि जो लोग रूठे हैं उन्हें मनाने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि मंडी मुख्यमंत्री का अपना गृह क्षेत्र है। लोगों की मांग पर मुख्यमंत्री ने नगर निगम का तोहफा दिया है। अब लोग नगर निगम में भाजपा को जीताकर मुख्यमंत्री को तोहफा देंगे। 

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने एक साथ तीन नगर निगम लोगों की मांग पर बनाए हैं। अब चारों नगर निगमों में भाजपा परचम फहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम के बनने से मंडी, सोलन और पालमपुर का विकास होगा तथा शिमला और धर्मशाला की तरह लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेगी। वहीं पर पर्यटन की दृष्टि से भी इन तीनों नगर निगमों का विकास होगा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग भ्रांतियां फैलाकर लोगों को गुमराह कर हे हैं। उन्होंने कहा कि नए शामिल किए गए ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को किसी तरह के टैक्स नहीं देने पड़ेंगे। उसी प्रकार मनरेगा की तर्ज पर मुख्यमंत्री शहरी रोजगार योजना लागू की गई है। जिसमें मनरेगा से बढ़ी हुई दिहाड़ी मिलती है। 

कश्यप ने कहा कि नगर निगमों में ढांचागत और सुनियोजित विकास होगा। वहीं, प्रदेश के विकास में भी अच्छी भूमिका तय करेंगे। उन्होंने दावा किया है कि भाजपा पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद अब चारों नगर निगमों में जीत का परचम फहराएगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने 2016 के बाद अब तक कोई भी चुनाव नहीं हारा है। कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए सुरेश कश्यप ने कहा कि कांग्रेस का कुनबा बिखरा हुआ है। कांग्रेस के भीतर वर्चस्व की जंग जारी है। जबकि भाजपा एकजुटता से चुनाव लड़ रही है। उन्होंने कहा कि मेयर पद केलिए रोस्टर में किसी तरह के बदलाव की संभावना अब नहीं है।

अनिल शार्मा भाजपा के हैं विधायक, उम्मीद है पार्टी के साथ चलेंगे:

सदर के विधायक अनिल शर्मा के बारे पूछे गए सवाल के जवाब में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अनिल शर्मा अब भी भाजपा के विधायक हैं। उम्मीद है कि वे पार्टी का साथ देंगे, लोकसभा चुनाव की तरह पार्टी के खिलाफ ब्यानबाजी नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि जब पार्टी के खिलाफ काम करेंगे तो अनुशासनहीनता के तहत कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री एवं विधायक राकेश जंवाल, जिला मंडी भाजपा अध्यक्ष रणवीर सिंह भी मौजूद रहे।