Follow Us:

पश्चिम बंगाल और असम में तीसरे चरण का विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी

समाचार फर्स्ट डेस्क |

असम विधानसभा चुनाव में आज तीसरे और अंतिम चरण के लिए वोटिंग जारी है। 126 सीटों वाली विधानसभा की 40 सीटों पर मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस बार चुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन के बीच है। भाजपा के साथ असोम गण परिषद और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल का गठबंधन है, जबकि कांग्रेस के गठबंधन में अखिल भारतीय यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन, आंचलिक गण मार्चा और बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट शामिल हैं। यह चरण भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता हिमंत बिस्वा सरमा सहित राज्य के 12 जिलों के 337 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेगा।

वहीं, पश्चिम बंगाल में तीसरे चरण के लिए वोटिंग जारी है। 31 सीटों के लिए मतदान हो रहे हैं। तीसरे चरण में तीन जिलों हावड़ा, हुगली और दक्षिण 24 परगना की 31 सीटों पर कुल 205 प्रत्याशी मैदान में हैं। हावड़ा की सात, हुगली की आठ और दक्षिण 24 परगना जिले की 16 सीटें हैं। इन सभी सीटों को संवेदनशील घोषित कर दिया गया है और धारा 144 लागू है। पिछले विधानसभा चुनाव में इन 31 सीटों में से 30 पर तृणमूल कांग्रेस ने कब्जा जमाया था। सिर्फ आमता सीट पर कांग्रेस की जीत हुई थी। तीसरे चरण में कुल 78 लाख 52 हजार 425 मतदाता 10 हजार 871 बूथों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। केंद्रीय बलों की 618 कंपनियां तैनात हैं। सबसे ज्यादा 307 कंपनियां दक्षिण 24 परगना जिले में तैनात हैं।