Follow Us:

हमीरपुर: दुकानदारों और आम जनता ने शाम 5 बजे तक दुकानें खोलने की उठाई मांग

जसबीर कुमार |

हमीरपुर में लोगों ने पांच घंटे बाजार खुले रखने के निर्णय पर सरकार का धन्यवाद किया। साथ ही उन्होंने कोरोना के मामले थमने पर ज्यादा समय बाजार खोलने की मांग भी की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार ने पांच घंटे का समय बढाया है जो कि स्वागत योग्य है । लेकिन कोविड की वजह से कई लोग मौत का ग्रास भी बन रहे हैं इसलिए लोगों को सोच समझ कर बाजार में आना चाहिए। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि सरकार के द्वारा टाइमिंग को और ज्यादा बढाया जाना चाहिए क्योंकि आजकल गर्मी ज्यादा हो रही है इसलिए लोग नौ से दो बजे के बीच कम बाहर निकलेंगे।

लोगों का कहना है कि सरकार का पांच घंटे बाजारों का खोलने का फैसला अच्छा है लेकिन लोगों को चाहिए कि सोशल डिस्टेसिंग का पालन करते हुए और मास्क लगाकर ही बाजारों में पहुंचे। मोबाइल विक्रेता का कहना है कि आज पहला दिन है और सरकार से उम्मीद है कि पांच जून की बैठक में पांच बजे तक बाजारों को खोलने का समय मिल जाए।

वहीं, डीसी हमीरपुर देव श्वेता बनिक ने लोगों से आवाहन किया है कि बाजारों में मिली छूट के चलते अनावश्यक तौर पर बाजारों का रूख न करे। लोगों को चाहिए कि बिना वजह से बाजारों में न घूमें क्योंकि जिला में कोविड के मामलो में कमी आई है लेकिन अभी खतरा टला नहीं है। इसलिए सभी को मिलकर इस बीमारी से निजात पाने के लिए सहयोग करना होगा।