Follow Us:

परिस्थिति का पूरा आंकलन करके की पाबंदियां कम करे सरकार: शांता कुमार

पी. चंद |

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शन्ता कुमार ने कोरोना के घटते मामलों से प्रसन्नता जाहिर की है। शांता कुमार ने कहा कि ये प्रसन्नता का विषय है कि कोरोना घट रहा है। इसके लिए सरकार और जनता का धन्यवाद के लायक है। लेकिन दोंनो को सावधान करना चाहता हूं कि पाबन्दियां घटने के बाद सावधानी में लापरवाही न की जाए। तीसरी लहर आने की आशंका है। उन्होंने जयराम ठाकुर से आग्रह किया कि थोड़ी पाबन्दी कम करके परिस्थिति का पूरा आंकलन करे उसी के बाद पाबन्दियां कम करे।

उन्होंने कहा कि इस महामारी से कई परिवारों में भयंकर आपदा आई है। समाचार पढ़कर कर दिल दहल जाता है। कहीं एक ही परिवार से तीन कमाने वाले चले गये। घर में तीन विधवाएं है, आय का कोई साधन नहीं है। कहीं गर्भपती पत्नी का पति चला गया। चार दिन के बाद बच्चा पैदा हुआ। आय का साधन कोई नहीं। ऐसे कई औऱ भी दुखद किस्से हैं, लेकिन सरकार ने अनाथ बच्चों के लिए प्रबन्ध किया है जिसके लिए सरकार का धन्यवाद है।

इसके अतिरिक्त ऐसे अनाथ की तरह के ही बेसहारा परिवारों के लिए प्रबन्ध करना बहुत आवश्यक है। विषेश आग्रह है कि इस आई आपदा से बेसहारा परिवारों की सहायता के मानवीय काम के लिए विषेश योजना बनाये। आवश्यकता हो तो उसके लिए सम्पन्न लोगों पर टैक्स द्वारा बोझ डाला जा सकता है। इस प्रदेश में कैप्टन संजय पराशर जैसे दानी हैं उस प्रदेश में ऐसे सभी लोगों से भी सहयोग प्राप्त किया जा सकता है।

उन्होंने विषेश आग्रह किया है कि इस महामारी से प्रताड़ित ऐसे बेसहारा परिवारों की सरकार और समाज सब प्रकार की सहायता करें। क्या यह अति दुर्भाग्यपूर्ण नहीं है कि इतने अधिक मातम के बाद भी सरकार को कुछ लोगों को मास्क तक लगाने के चालान करने पड़ रहे हैं। पढ़कर शर्म आती है। ऐसे समाज के शत्रुओं के चालान नहीं सीधे जेल में डाला जाना चाहिए।