Follow Us:

जुलाई में आयोजित होगा मैगा पौधारोपण अभियान, लगाए जाएंगे 1 लाख से अधिक पौधे: राज्यपाल

पी. चंद |

राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि हिमाचल प्रदेश राज्य रेडक्रॉस सोसायटी के तत्वाधान में प्रदेश में इस वर्ष जुलाई माह के तीसरे सप्ताह में एक विशाल पौधरोपण अभियान आयोजित किया जाएगा। इस अभियान के तहत लगभग एक लाख पौधे रोपित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दृष्टिगत लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति अधिक भावना पैदा हुई है जिसे साकार करने की आवश्यकता है। इस प्रकार के अभियान नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिए और पौधों की देखभाल के हर संभव प्रयास किए जाने चाहिए। 

उन्होंने कहा कि इन अभियानों में विद्यार्थियों, महिला मण्डलों और गैर-सरकारी संगठनों को शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने वन विभाग को भविष्य में भी रेडक्रॉस और अन्य विभागों के समन्वय से इस प्रकार के आयोजन करवाने के निर्देश दिए। साथ ही फल और औषधीय पौधों के पौधरोपण पर विशेष बल दिया।

राज्य रेडक्रॉस अस्पताल कल्याण शाखा की अध्यक्षा डॉ. साधना ठाकुर ने कहा कि कोरोना महामारी के कारण रेडक्रॉस कुछ समय से पौधरोपण जैसे अभियानों और रेडक्रॉस मेलों के आयोजन नहीं कर पाया है। लेकिन इस महामारी के समाप्त होते ही इन गतिविधियों को विस्तृत रूप दिया जाएगा। इस महामारी के दौरान रेडक्रॉस ने जिला स्तर पर बेहतर काम किया है। उन्होंने अपील की है कि अधिक से अधिक लोगों को इस कार्य से जोड़ा जाए और उन्हें इस प्रकार की गतिविधियों से अवगत करवाया जाए। उन्होंने विशेष रूप से जमीनी स्तर के लोगों को पौधरोपण अभियान से जोड़ने का सुझाव दिया।