Follow Us:

सैन्य सम्मान के साथ लेफ्टिनेंट मुनीष को दी अंतिम विदाई

समाचार फर्स्ट |

सड़क हादसे का शिकार होने वाले चंबा जिले के लेफ्टिनेंट मुनीष कुमार का बुधवार को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। बता दें कि मंगलवार रात को मुनीष धर्मशाला में दुर्घटना का शिकार हुए थे।

लेफ्टिनेंट मुनीष कुमार चंबा जिले के सिहुंता के रहने वाले थे। मंगलवार को उनका कांगड़ा जिले के धर्मशाला के पास खड़ोता नामक स्थान पर कार एक्सीडेंट हो गया था। बुधवार को टांडा मेडिकल में शव का पोस्टमार्टम होने के बाद उनका शव उनके गांव लाया गया। जहां पूरा गांव शोक की लहर में डूब गया। जिसके बाद उनके शव का अंतिम संस्कार किया गया।

उनके अंतिम संस्कार में बकलोह व डल्हौजी की बिहार रैजीमैंट और धर्मशाला से सिख रैजीमैंट ने सैनिक सम्मान के साथ लेफ्टिनेंट को अंतिम विदाई दी और उनके पिता को तिरंगा झंडा सौंपा। जिसके बाद मुनीष के पिता ने उन्हें मुखाग्नि दी। मुनीष अभी 26 साल के थे।

आपको बता दें कि मुनीष इसी साल अगस्त महीने में सेना में लेफ्टिनेंट बने थे। उन्होंने सेना की देहरादून कमांड से प्रशिक्षण प्राप्त कर सेना ज्वाइन की थी और इलाके का नाम रोशन किया था। सेना में जाने के बाद उनकी तैनाती सिक्कम में हुई थी। वो पिता के इलाज के लिए घर आए थे और एक सप्ताह बाद वापिस ड्यूटी ज्वाइन करनी थी। मुनीष के पिता भी आर्मी से रिटायर अफसर हैं। मुनीष अपने पिछे दो बहनें और माता-पिता को छोड़ गए हैं।