Follow Us:

उपचुनावों में कांग्रेस की होगी जीत, वोटरों को लुभाने के लिए CM कर रहे चुनावी वादे: राठौर

पी. चंद |

प्रदेश में होने वाले उपचुनावों के लिए भाजपा कांग्रेस ने कसरत करनी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में शनिवार को हिमाचल कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने प्रदेश सरकार पर जोरदार हमला बोला। राठौर ने कहा कि उपचुनाव में मतदाता को लुभाने के लिए मुख्यमंत्री चुनावी वादे कर रहे हैं। चार साल तक सरकार ने कोई ध्यान नहीं दिया। प्रदेश लगातार कर्ज के गर्त में डूब रहा है बावजूद इसके नई नियुक्तियां की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि देश में फिजूलखर्ची जोरों पर है। नये संसद भवन बनाने की कोई जरूरत नहीं थी। लेकिन देश का पैसा एसो आराम पर उड़ाया जा रहा है। प्रदेश की सरकार स्वेदनहीन सरकार है। लोगों को सुविधा देने के बजाए करोड़ों रूपये की गाड़ियां खरीदी जा रही हैं। कर्जा लेकर नए चैयरमेन और अन्य नियुक्तियां दी जा रही हैं। कांग्रेस इसका सड़कों पर उतरकर विरोध करेगी। 

राठौर ने कहा कि प्रदेश में बेधड़क आ रहे पर्यटकों पर लगाम लगाना आवश्यक है। कोरोना अभी खत्म नहीं हुआ है लेकिन प्रदेश में कोरोना नियमों का कड़ाई से पालन नहीं हो रहा है। ऐसे में अगर तीसरी लहर आती है तो उसकी शुरुआत हिमाचल से होगी। सरकार को बंदिशें लागू रखनी चाहिए ताकि तीसरी लहर से बचा जा सके। 

राठौर ने कहा कि चारों उपचुनावों में कांग्रेस जीत हासिल करेगी। टिकट आबंटन पर उन्होंने कहा कि अर्की विधानसभा सीट से वीरभद्र सिंह विधायक थे ऐसे में अगर राज परिवार का कोई सदस्य चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर करता है तो उन्हें टिकट दिया जाएगा। हालांकि अंतिम निर्णय पार्टी हाई कमान का होगा।