Follow Us:

मंडी: फोरलेन निर्माण में कार्यरत मजदूर की सर्पदंश से मौत, मजदूरों के लिए खाना बनाने का करता था काम 

बीरबल शर्मा |

निर्माणाधीन नागचला मनाली फोरलेन में कार्यरत एक मजूदर की सांप के काटने से मौत हो गई। मृतक मुनी लाल पुत्र लाल मन 46 साल का था जो गांव मंडी जिले की बल्ह घाटी के गांव टिक्करी मैरामसीत का रहने वाला था जो मंडी के पास बन रही फोरलेन की टनल में कार्यरत मजदूरों के लिए खाना बनाने का काम करता था। वह मजदूरों के रहने के लिए गांव जरली में बनाई जा रही कालोनी में रहता था। यह काम एनएचआईए का है जो केएमसी कंपनी कर रही है। केएमसी कंपनी ने इस काम को जेएसईसी कंपनी को देख रखा है। इसी कंपनी में मुनी लाल कुक का काम करता था। 

मजदूरों के प्रधान सोहन सिंह ने बताया कि मुनी लाल रोजाना की तरह सोया हुआ था। रात एक बजे उसे ऐसा लगा कि किसी चीज ने उसे काटा है। जब वह बाहर की ओर निकला तो उसकी आंखों के आगे अंधेरा छा गया। उसने अपने साथियों को जगाया और अपनी हालत बताई। गंभीर देखकर साथी उसे जोनल अस्पताल मंडी ले गए जहां डाक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया और टैस्ट आदि लिए मगर सुबह पांच बजे उसकी मौत हो गई। उसका शरीर नीला पड़ गया और उसके गले में सांप काटने का निशान भी बन गया था। 

मृतक की दो छोटी छोटी बेटियां और एक छोटा बेटा छूट गया है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया है। प्रधान और अन्य लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे परिवार को पालने वाला मजदूर मौत का शिकार हो गया और अब उसका परिवार बेसहारा हो गया। ऐसे में उस परिवार को अधिक से अधिक आर्थिक मदद दी जाए। कंपनी और अन्य मजदूरों ने कुछ पैसा जोड़ कर उसके परिजनों की फैारी मदद की है।