Follow Us:

यहां खूंखार तेंदुए ने मचाया आंतक और वन विभाग बेपरवाह

समाचार फर्स्ट |

सिरमौर जिला मुख्यालय से महज 5-6 किलोमीटर की दूरी पर स्थित नाहन के पौड़ीवाला गांव में पिछले कुछ महीने से तेंदुए का आंतक देखने को मिल रहा है। तेंदुए द्वारा यहां कई पशुओं को अपना शिकार बनाया जा चुका है। अब एक ओर गाय को तेंदुए ने अपना निवाला बनाया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मुआवजे और तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की है।

दूसरी ओर वन विभाग की लापरवाही इस बात से पता चलती है कि विभाग तेंदुए को पकड़ने की बजाय ग्रामीणों को पटाखे चलाकर तेंदुए को भगाने की सलाह दे रहा है। वहीं, गांव के पशुपालकों का कहना है कि पिछले कई महीनों से उनके गांव के पास स्थित जंगल में तेंदुआ रह रहा है।

यह कई बार शाम ढलते ही उनके गांव में आ धमकता है और घरों के बाहर आकर दहाड़ता है। ऐसे में गांववासियों को डर के साए में जीने को विवश होना पड़ रहा है। इसके अलावा लोगों को अपनी जान का खतरा भी बना हुआ है। उन्होंने बताया कि जंगल के समीप होने के चलते तेंदुआ कई बार पास के घने जंगल में छिप जाता है। इसके चलते दिन के समय खेतों में काम करने वालों को भी डर लगा रहता है।