Follow Us:

ज्वालामुखी मंदिर पहुंचे MS बिट्टा, बोले- राष्ट्र कमजोर तो सब कुछ कमजोर

मृत्युंजय पुरी |

एंटी टेररिस्ट फ्रंट के अध्यक्ष एमएस बिट्टा देवभूमि हिमाचल में देवी दर्शनों के लिए आए हैं। सोमवार को उन्होंने मां ज्वालामुखी की दिव्य ज्योति के दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने मां बगलामुखी के दरबार में भी शीश नवाया। वहीं, मीडिया के बात करते हुए एमएस बिट्टा ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में आज राष्ट्र मजबूत है। आज हमारी भारत मां सुरक्षित है, हमारी सीमाएं सुरक्षित हैं, हमारे जवान सुरक्षित हैं, हमारा राष्ट्र मजबूत हो रहा है।

उन्होंने कहा कि हमारे मन में अगर प्रथम राष्ट्र है तो हमारे मंदिर, गुरुद्वारे, मस्जिद और गिरिजाघर सब मजबूत हैं। अगर हमारा राष्ट्र कमजोर है तो सब कुछ कमजोर है। बिट्टा ने मिसाल देते हुए कहा कि राम जन्मभूमि, अक्षरधाम, रघुनाथ मंदिर, हरमंदर साहिब पर हमला हुआ। उन्होंने कहा यह सारी घटनाएं तभी होती हैं जब हमारा राष्ट्र कमजोर होता है।

बिट्टा ने कहा कि आज आप पहले के और आज के जम्मू कश्मीर में फर्क देखें। आंतकवाद, बम्ब ब्लास्ट, गोलियां अब कहां हैं। हमारा राष्ट्र हमेशा मजबूत रहे मां से यही कामना करने आया हूं। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी को मेरी उम्र भी लग जाए। क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र मजबूत हुआ है जिसका परिणाम है कि जम्मू और कश्मीर में अब फिजाएं बदल गई हैं। आए दिन होने वाली घटनाओं पर अंकुश भी लगा है। जहां पीएम नरेंद्र मोदी ने धारा 370 हटाई है। 70 साल में जम्मू कश्मीर में 370 नाम की कैंसर की बीमारी लगी थी वो ठीक हुई है।

उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर के मसले पर भी राजनीति करने वालों के ऊपर विराम लगा दिया है। यह अपने आप में राष्ट्र को मजबूत करने की पहल है। इसे हमें राजनीति से ऊपर उठकर देखना चाहिए। उन्होंने सभी राजनीतिक पार्टियों से आग्रह किया कि आज हमें सबसे पहले राष्ट्र के प्रति सोचना चाहिए।