Follow Us:

पंजाब की कैबिनेट मंत्री रजिया सुल्ताना ने दिया मंत्री पद से इस्तीफा

|

पंजाब में सियासी हलचल अब नया रुख लेने की तैयारी में है। एक के बाद एक नेताओं के इस्तीफ़े देश भर में चर्चाओं का विषय बने हुए हैं। सिद्धू के इस्तीफे के बाद उनकी करीबी मंत्री रजिया सुल्ताना ने कैबिनेट के मंत्री पद से इस्तीफ़ा दिया है। हालांकि ये इस्तीफा सिर्फ कैबिनेट के पद पर से दिया गया है लेकिन माना जा रहा है कि इस इस्तीफे के पीछे भी सिद्धू का ही राजनीतिक खेल जारी है। रजिया सुल्ताना नवजोत सिंह सिद्धू के सलाहकार मोहम्मद मुस्तफा की पत्नी हैं।

अभी हाल ही में चरणजीत चन्नी की कैबिनेट में नए मंत्रियों की जगह मिली थी जिसमें रजिया को भी दोबारा मंत्री पद मिला था। ऐसे में सिद्धू के पार्टी अध्यक्ष से इस्तीफ़े के बाद सिद्धू गुट के मंत्री ने इस्तीफ़ा दे दिया है। ये साफ है कि पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी हाई लेवल तक पहुंच गई है। प्रयासों और कयासों के बीच पंजाब कांग्रेस की देश स्तर तक फजीहत हो रही है।

रजिया सुल्ताना ने कहा कि वे कांग्रेस के लिए काम करती रहेंगी। उन्होंने कैबिनेट में स्थान देने के लिए सोनिया गांधी और राहुल गांधी का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि सबको पता था कि कुछ गड़बड़ होने वाली है। रजिया सुल्ताना को जलापूर्ति एवं स्वच्छता और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय मिला था।