Follow Us:

प्रतिभा ने होली लॉज से भरी जीत की हुंकार, 8 अक्टूबर को नामांकन के बाद शुरू करेंगी प्रचार

पी.चंद |

मंडी संसदीय क्षेत्र में लोकसभा की सीट के लिए उपचुनाव कांग्रेस बीजेपी के लिए साख का सवाल बन गया है। कांग्रेस ने मंडी से प्रतिभा सिंह को मैदान में उतारा है। वहीं, बीजेपी अभी टिकट पर फैसला नहीं कर पाई है। टिकट मिलने के बाद प्रतिभा सिंह ने हॉली लॉज से जीत की हुंकार भर दी है। प्रतिभा का कहना है कि उन्हें विश्वास है कि जनता उन्हें वीरभद्र के विकास कार्यों के नाम पर वोट देगी। 8 अक्टूबर को नामांकन के बाद चुनाव प्रचार अभियान शुरू किया जाएगा।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि टिकट के लिए वह हाईकमान की आभारी हैं। उन्होंने कहा कि जनता के आश्वासन के बाद वह चुनाव मैदान में उतरी है। वीरभद्र सिंह के जाने से उनके परिवार को बड़ा आघात पहुंचा है लेकिन उनके किये विकास के कार्यों को लेकर जनता के बीच जाएंगी। वीरभद्र अब नहीं हैं लेकिन उनके नाम के सहारे चुनाव लड़ा जाएगा।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी आज चरम पर है। इन मुद्दों को लेकर वह जनता के बीच जाएंगी। वीरभद्र सिंह ने हिमाचल का विकास किया है। उनके कामों को देखते हुए जनता अपना आशीर्वाद देगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर हिमाचल की तो बात छोड़ो मंडी का विकास भी नहीं कर पाए हैं। उन्होंने कहा कि वे भाजपा को मंडी में कोई चुनोती नहीं मानती। केंद्र की मोदी सरकार दो बार महंगाई और बेरोज़गारी के मुद्दों पर सत्ता में आई है लेकिन उनकी सरकार उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाए है। इसलिए जनता उन्हें अपना आशीर्वाद अवश्य देगी।